फोटो48सुन्नगढ़ी के गांव बस्तरमऊ में देशी शराब के ठेका पर आक्रोशित लोगों को समझाती पुलिस का फ
कासगंज। गांव बस्तमऊ में शराब की दुकान पर हुए बवाल के मामले में पुलिस ने संचालक की तहरीर पर 36 नामजद समेत करीब 90 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। महिलाओं पर ठेके में घुसकर लूटपाट, तोड़फोड़ करने और राजस्व संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप हैं। सुन्नगढ़ी थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
शराब की दुकान के संचालक वोट सिंह कश्यप ने बताया कि 15 अप्रैल को बस्तमऊ गांव स्थित उनकी देसी शराब की दुकान के विरोध में महिलाओं ने प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान महिलाएं दुकान के अंदर घुस गईं और वहां रखे राजस्व से जुड़े दस्तावेज को नुकसान पहुंचाने के साथ लूटपाट की। बाद में गढ़का-सुन्नगढ़ी मार्ग पर जाम लगाया था। महिलाओं ने दुकान का ताला तोड़कर शराब और बीयर की पेटियां बाहर निकालकर उन्हें नष्ट कर दिया था।
सूचना पर एसडीएम एसएन त्रिपाठी, आबकारी निरीक्षक संजीव शर्मा और थाना प्रभारी पवन कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने हंगामा कर रही महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं मानीं। इसके बाद शराब की दुकान को गांव से हटाने का आश्वासन देने पर हंगामा शांत हुआ था। थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि प्रदर्शनकारियों की पहचान की जा रही है।
1.36 लाख रुपये का नुकसान
गांव बस्तमऊ में देसी शराब की दुकान में घुसकर महिलाओं ने राजस्व संपत्ति को नुकसान पहुंचाया था। आबकारी निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि इस घटना में लगभग 1.36 लाख रुपये मूल्य की देसी शराब और बीयर की केन क्षतिग्रस्त हुई थी। उन्होंने बताया कि विभाग को कुल 1.36 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।