कासगंज। सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश से निकलकर आदित्य मिश्रा ने इंटरमीडिएट परीक्षा में 88.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में तीसरा स्थान हासिल किया है। शहर में रहकर पढ़ाई करते हुए उन्होंने यह सफलता पाई और अब उनका सपना आईआईटी कर इंजीनियर बनने का है।
अमांपुर क्षेत्र के गांव सरोंठी देवपुर निवासी आदित्य मिश्रा ने अपनी मेहनत और लगन से इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने श्री सूरज प्रसाद डागा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, से परीक्षा उत्तीर्ण की है।
आदित्य के पिता आलोक मिश्रा किसान हैं, जबकि माता रेखा मिश्रा गृहणी हैं। बेहतर पढ़ाई के लिए आदित्य ने शहर की दुर्गा कॉलोनी में कमरा किराए पर लेकर अध्ययन किया, जिससे उन्हें नियमित पढ़ाई का माहौल मिल सका।
कठिन परिस्थितियों के बावजूद आदित्य ने कभी हार नहीं मानी और लगातार मेहनत करते रहे। उनकी यह सफलता बताती है कि संसाधन कम होने पर भी लक्ष्य बड़ा हो तो उसे हासिल किया जा सकता है।
आदित्य का सपना आईआईटी की परीक्षा पास कर इंजीनियर बनने का है। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार में खुशी का माहौल है। प्रधानाचार्य डॉ. भूपेंद्र कुमार सिंह ने उन्हें मिष्ठान खिलाकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। शिक्षकों ने भी उनकी मेहनत और अनुशासन की सराहना की है।