कासगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र में किसरौली अड्डे के पास युवती के साथ ऑटो से लौट रहे एक युवक को देखकर परिजन भड़क गए। उन्होंने युवक की लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पिटाई कर दी। युवक को दोबारा युवती के साथ दिखने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने युवती के तीन परिजन पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोरोंजी थाना क्षेत्र के गांव मडावली निवासी सर्वेश पुत्र बालकिशन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह बृहस्पतिवार को दवा लेने के लिए कासगंज आया हुआ था। वह एक परिचित युवती के साथ ऑटो में सवार होकर वापस लौट रहा था, जिसे वह पिछले एक वर्ष से जानता है। युवती कासगंज में उसके साथ ट्यूशन पढ़ने आती है।
शाम करीब 4 बजे जब उनका ऑटो किसरौली अड्डे से पहले पहुंचा तभी अचानक युवती के परिजन मुकेश, दिनेश और प्रशांत निवासी खड़िया पहुंच गए। आरोप है कि तीनों ने सर्वेश को ऑटो से खींच लिया और उसकी लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पिटाई कर दी। इससे उसके शरीर में कई जगह गंभीर चोटें आईं। मारपीट के बाद आरोपी युवक को लहूलुहान हालत में छोड़कर भाग निकले।
चेतावनी दी कि यदि वह दोबारा युवती के साथ नजर आया तो उसे जान से मार देंगे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एसपी ओपी सिंह ने बताया कि युवक ने तीन आरोपियों पर मारपीट करने और धमकाने की शिकायत की थी। प्राथमिकी दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है।