कासगंज। तकनीकी प्रशिक्षण हासिल कर रोजगार की राह पकड़ने के लिए अभ्यर्थियों को आकर्षित करने की कोशिशों के बीच जिले के राजकीय आईटीआई में प्रवेश की तस्वीर उत्साहजनक नहीं है। पांच चरणों की प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी किसरोली, पटियाली और गंजडुंडवारा के संस्थानों में आधी सीटें खाली हैं।
तीनों आईटीआई में कुल 1016 सीटों के सापेक्ष अब तक 515 अभ्यर्थियों ने ही प्रवेश लिया है। यानी 501 सीटों पर अब तक किसी अभ्यर्थी ने प्रवेश नहीं लिया। पांचवें चरण में तीनों संस्थानों को मिलाकर 138 प्रवेश हुए।
इनमें सबसे अधिक 102 प्रवेश किसरोली आईटीआई में हुए जबकि पटियाली में 19 और गंजडुंडवारा में 17 अभ्यर्थियों ने प्रवेश लिया। इसके बावजूद रिक्त सीटों की संख्या काफी बनी हुई है। राजकीय आईटीआई किसरोली में 544 सीटें हैं। पांचवें चरण में 102 प्रवेश के साथ यहां कुल प्रवेश की संख्या 315 पहुंच गई है।
इसके बाद भी 229 सीटें खाली हैं। पटियाली राजकीय आईटीआई में 360 सीटों के सापेक्ष अब तक 129 प्रवेश हुए हैं। पांचवें चरण में यहां 19 अभ्यर्थियों ने प्रवेश लिया। इसके बावजूद 231 सीटें खाली हैं। तीनों संस्थानों में यहां सबसे अधिक सीटें रिक्त हैं।
गंजडुंडवारा राजकीय आईटीआई में कुल 112 सीटें हैं। पांचवें चरण में 17 प्रवेश हुए, जिससे अब तक प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों की संख्या 71 हो गई है। यहां अभी 41 सीटें रिक्त हैं।
राजकीय आईटीआई किसरोली के प्रधानाचार्य जहीर आलम ने बताया कि पांचवें चरण की प्रवेश की प्रवेश प्रक्रिया को देखते हुए अवकाश में भी संस्थान खोले गए हैं।