कासगंज। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर है। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, किसरौली में 8 अप्रैल को रोजगार मेला लगेगा। इसमें सीधे साक्षात्कार के जरिए चयन का मौका मिलेगा।
संस्थान के प्रधानाचार्य जहीर आलम ने बताया कि मेला सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। देश की जानी-मानी कंपनी महिंद्रा और महिंद्रा लिमिटेड इसमें भाग ले रही है। कंपनी विभिन्न ट्रेडों के योग्य अभ्यर्थियों का मौके पर साक्षात्कार के माध्यम से चयन करेगी। एक ही स्थान पर इंटरव्यू और चयन से युवाओं के समय व संसाधनों की बचत होगी। यह सुविधा बेहतर अवसर प्रदान करेगी।
पात्रता और आवश्यक दस्तावेज
मेले में 18 से 26 वर्ष आयु वर्ग के युवा शामिल हो सकते हैं। आईटीआई, इंटरमीडिएट और स्नातक पास अभ्यर्थी पात्र होंगे। आईटीआई के लिए 2022 से 2025 तक, इंटरमीडिएट के लिए 2022 से 2026 तक और स्नातक के लिए 2022 से 2025 तक के उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को अपने साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड, सभी शैक्षिक व तकनीकी प्रमाणपत्रों की मूल और छायाप्रति लानी होगी। बायोडाटा/रिज्यूमे लाना भी अनिवार्य है।