कासगंज। ग्रामीण क्षेत्रों में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए जनपद में छह नए हेलीपैड बनाए जाएंगे। राज्य सरकार की इस योजना को लोक निर्माण विभाग लागू करेगा। फिलहाल दो स्थानों पर भूमि का चयन हो चुका है।
राज्य सरकार की योजना के तहत अलीगढ़ मंडल में कुल 32 हेलीपैड तैयार होंगे। इन पर लगभग 9.60 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसका उद्देश्य ब्लॉक, तहसील और जिला मुख्यालयों को हवाई मार्ग से जोड़ना है।
इससे वीआईपी आवागमन में आसानी होगी। आपदा या गंभीर चिकित्सा आपातकाल में राहत कार्य भी तेज होंगे। मरीजों को एयरलिफ्ट करने में भी बड़ी सुविधा मिलेगी। विभाग के अनुसार, प्रत्येक हेलीपैड के लिए करीब 2500 वर्ग मीटर भूमि चाहिए। इन पर कंक्रीट का मजबूत प्लेटफॉर्म बनेगा।
-
भूमि का चयन और प्रस्ताव
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ज्ञान प्रकाश ने बताया कि जिले में छह में से दो स्थानों पर जमीन चिह्नित की गई है। नई पुलिस लाइन में हेलीपैड के लिए 74.09 लाख रुपये का प्रस्ताव है। अमांपुर के सरसैट में 72.45 लाख रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा है। पटियाली, गंजडुंडवारा, सिढ़पुरा और सहावर में भूमि की तलाश जारी है।