फोटो 38 - सिढ़पुरा सीएचसी का निरीक्षण करते सीएमओ डॉ. अजय कुमार। स्रोत : संवाद
सिढ़पुरा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर मंगलवार सुबह मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) के औचक निरीक्षण से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान अधिकांश कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर सीएमओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार सुबह सीएमओ अजय कुमार ने अचानक सीएचसी पहुंचकर उपस्थिति रजिस्टर, दवाओं के रखरखाव, जननी सुरक्षा योजना कक्ष, ऑपरेशन थिएटर और लैब का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्टाफ के गैरहाजिर मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के समय डॉ. अजय राघव, डॉ. पुनीता सिंह, डॉ. गौरव, फार्मासिस्ट तुरसनपाल, वार्ड बॉय रामनरेश, अरविंद भास्कर और वसीम सहित कुछ कर्मचारी मौजूद मिले, जिन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
सीएमओ ने परिसर की साफ-सफाई, दवाओं के उचित रखरखाव और जननी सुरक्षा योजना से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर उनमें सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई के संकेत देते हुए उन्होंने सभी को समयबद्ध तरीके से अपनी जिम्मेदारियां निभाने की हिदायत दी है।