पटियाली। तहसील दिवस में की गई एक फरियाद पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए जिला प्रशासन ने महज 24 घंटे के भीतर 80 वर्षीय वृद्ध महिला की जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त करा दिया है। जिलाधिकारी प्रणय सिंह के सख्त निर्देशों के बाद राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश कराई और कब्जा हटवाया।
शनिवार को आयोजित तहसील दिवस के दौरान ग्राम नईम मुशियार निवासी 80 वर्षीय मार्गश्री पत्नी रामकिशन ने डीएम को शिकायती पत्र सौंपा था। उन्होंने गुहार लगाई थी कि उनकी 0.097 हेक्टेयर भूमि पर पड़ोसी खेत स्वामियों ने जबरन कब्जा कर लिया है। इस शिकायत को पूरी गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल राजस्व व पुलिस अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
रविवार को संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। क्षेत्रीय लेखपाल आदित्य गौतम ने कोतवाली पुलिस बल की मौजूदगी में पैमाइश कराई और वृद्ध महिला की जमीन को पूरी तरह कब्जामुक्त कराया। अपनी खोई हुई भूमि वापस पाकर मार्गश्री भावुक हो गईं और उन्होंने डीएम सहित पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।