पटियाली। गांव बहादुर नगर में रहने वाले युवक ने बुधवार रात शराब के नशे में फंदा लगाकर जान दे दी। उसका शव फंदे पर लटकता देख परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अरविंद (27) पुत्र मुंशीलाल अलीपुर दादर स्थित एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था। वह शराब पीने का आदी था। वह बुधवार की देर रात शराब के नशे में घर लौटा और बिना किसी से बातचीत किए सीधे कमरे में चला गया। कुछ देर बाद जब परिजन की नजर उसके कमरे में पड़ी तो होश उड़ गए। अरविंद का शव फंदे पर लटक रहा था। उसके बड़े भाई राजीव ने सूचना पुलिस को दी। पटियाली थाना से पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। सीओ पटियाली संदीप वर्मा ने बताया कि युवक का शव फंदे पर लटका मिला था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच की जा रही है।