फोटो31कासगंज तहसील में दूसरे दिन भी हड़ताल पर बैठे दस्तावेज लेखक एवं स्टांप वेंडर। स्रोत :
कासगंज। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से ई-पोर्टल लागू किए जाने के विरोध में दस्तावेज लेखक संघ और स्टांप वेंडरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही। इस बीच बार एसोसिएशन ने भी आंदोलन को समर्थन देने का निर्णय लिया। तहसील में कार्यरत अधिवक्ता किसी भी प्रकार का निबंधन कार्य नहीं करेंगे। हालांकि, न्यायालयों में नियमित न्यायिक कार्य पूर्व की भांति जारी रहेगा।सदर तहसील में रजिस्ट्री कार्यालय के बाहर दूसरे दिन भी दस्तावेज लेखक और स्टांप वेंडर धरने पर बैठे रहे। सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश कुमार शर्मा ने बताया कि दस्तावेज लेखक संघ ने 27 जून को पारित प्रस्ताव के तहत उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से ई-पोर्टल लागू किए जाने के विरोध में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की है। संघ की ओर से बार एसोसिएशन से भी आंदोलन में सहयोग और समर्थन का अनुरोध किया गया था। इसके बाद आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर निर्णय लिया गया कि सदर तहसील में कार्यरत अधिवक्ता भी किसी प्रकार का निबंधन कार्य नहीं करेंगे और दस्तावेज लेखक संघ के आंदोलन का समर्थन करेंगे। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि अधिवक्ता न्यायालयों में पूर्व की भांति न्यायिक कार्य करते रहेंगे। इसके अलावा नोटरी, शपथ-पत्र तथा ओसी पूल से संबंधित शपथ-पत्रों का कार्य भी पहले की तरह जारी रहेगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पारित प्रस्ताव की प्रति दस्तावेज लेखक संघ, कासगंज के अध्यक्ष को सूचनार्थ भेजी जाएगी। इस दौरान दस्तावेज लेखक संघ के जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह, महामंत्री ओमप्रकाश, रविंद्र, बलवीर सिंह, प्रदीप माहेश्वरी, मनोज यादव, विनोद कुमार, राहुल शर्मा सहित अन्य दस्तावेज लेखक एवं स्टांप वेंडर मौजूद रहे।