फोटो30मोहनपुरा क्षेत्र के गांव कान्हरखेड़ा के ग्रामीण बिजलीघर पर प्रदर्शन करते। स्रोत संवाद
मोहनपुरा। क्षेत्र के गांव कान्हरखेड़ा में पिछले पंद्रह दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने मंगलवार को नगला पीपल स्थित बिजलीघर का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान विद्युत निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।ग्रामीणों का आरोप है कि भीषण गर्मी में करीब 15 दिनों से गांव की बिजली गुल है। कुछ दिन पूर्व ट्रांसफार्मर फुंकने की शिकायत के बाद निगम द्वारा ठीक कराया गया, लेकिन एक दिन बाद फिर से फुंक गया। शिकायत के बावजूद निगम ने नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया। भीषण गर्मी के कारण आक्रोशित हुए दर्जनों ग्रामीण एकत्रित होकर विद्युत उपकेंद्र नगला पीपल पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। प्रदर्शन करने वालों में अधिकांश महिलाएं शामिल रही। ग्रामीण अरुण कुमार ने बताया कि 25 केवीए के ट्रांसफार्मर पर 60 से अधिक कनेक्शन है। उन्होंने इस ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि कराए जाने की जरूरत बताई। लोड अधिक होने के कारण ट्रांसफार्मर बार बार जल जाता है। भीषण गर्मी में पंखा-कूलर न चलने से बच्चे और बुजुर्ग बीमार पड़ रहे हैं। वहीं पेयजल का भी संकट खड़ा हो गया है। प्रदर्शन के दौरान रणसिंह पुंडीर, अरुण पुंडीर, विकास कुमार, महाराज सिंह, सोनम देवी, उर्मिला देवी, सारदा देवी, विपन कुमार, राहुल कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।