फोटो16कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किसान दिवस में किसानों की समस्याएं सुनते डीएम प्रणय सिंह
कासगंज। जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने बुधवार को किसान दिवस में किसानों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने मटर और बाजरा की खेती करने वाले किसानों की कटौती और भुगतान संबंधी समस्या के समाधान का भरोसा दिया।कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किसान दिवस में किसान यूनियन अराजनैतिक के अध्यक्ष संजय प्रजापति ने मटर मंडी मोहनपुरा में किसानों से की जाने वाली तीन प्रतिशत की कटौती और बैग के वजन की दो किलो की कटौती पर आपत्ति करते हुए शिकायत की थी। इस पर जिलाधिकारी ने किसानों को समस्या समाधान का भरोसा दिया और अगले वित्तीय वर्ष में मटर की खरीद मंडी परिसर में कराए जाने की कार्ययोजना बनाने का भरोसा दिया। किसान मनोज गिरी निवासी नरौली ने बाजरा का भुगतान न होने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने मंडी सचिव को भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। किसान दिनेश निवासी मनिकापुर ने नलकूप संख्या 158 के खराब होने की शिकायत की। इस संबंध में अधिशासी अभियंता नलकूप को समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। उप कृषि निदेशक महेंद्र सिंह ने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के लिए जागरूक किया।वहीं जिला कृषि अधिकारी डॉ. अवधेश मिश्र ने फसलों में लगने वाले कीटों के रोकथाम के लिए सोलर लाइट ट्रैप का उपयोग व उर्वरकों की उपलब्धता के बारे में जानकारी दी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।