फोटो 19- सोरोंजी में मतदाता कैंप में जानकारी करते मतदाता। स्रोत संगठन
कासगंज। अलीगढ़ मंडल के मंडलायुक्त ओपी आर्य ने बृहस्पतिवार को जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने सदर क्षेत्र के संविलियन विद्यालय नदरई स्थित बूथ संख्या 300, 301, 302 व 303 और 101 अमांपुर क्षेत्र के बूथ संख्या 65 व 66 का निरीक्षण किया।
उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों से त्रुटिहीन सूची बनाने में सहयोग करने को कहा। मंडलायुक्त ने बीएलओ व अधिकारियों से फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 तथा सत्यापन कार्य की जानकारी ली।
पंचायत व विधानसभा मतदाता सूचियों के मिलान से छूटे पात्र मतदाताओं को चिह्नित करने और एसआईआर में मृतक व स्थानांतरित दिखाकर हटाए गए लोगों का घर-घर दोबारा सत्यापन कर पात्रों के फॉर्म-6 भरवाने के निर्देश दिए।
राजनीतिक दलों से भी सक्रिय बीएलए नियुक्त करने को कहा, ताकि बीएलओ के साथ समन्वय से छूटे मतदाताओं से संपर्क हो सके। मंडलायुक्त ने कहा कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल हो और 4 जनवरी 2027 को अंतिम प्रकाशन किया जाए।
इस दौरान डीएम प्रणय सिंह, एसएसपी ओपी सिंह, एएसपी आलोक सिंह, एडीएम आलोक कुमार गुप्ता, एसडीएम सदर एसएन त्रिपाठी, तहसीलदार व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।