फोटो11गंजडुंडवारा में युवक की मौत के बाद रोते बिलखते परिजन ।संवाद
कासगंज। पत्नी के मायके चले जाने से दुखी एक व्यक्ति ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। उसका शव मंगलवार सुबह गंजडुंडवारा के गांव अल्लेपुर में नहर की पटरी के पास एक पेड़ से लटका मिला। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए हैं।
सिकंदरपुर वैश्य के गांव मिहौला निवासी अनिल (30) पुत्र खुशीराम का शव मंगलवार सुबह 7 बजे गंजडुंडवारा के गांव अल्लेपुर के पास जंगल में मिला। ग्रामीण जब सुबह खेत पर गेहूं की फसल काटने पहुंचे, तो उन्होंने अनिल का शव फंदे पर लटका देखा। शव मिलने की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
गंजडुंडवारा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने मृतक की जेब से मिले मोबाइल और आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त की। युवक की मौत की खबर सुनकर परिजन मौके पर पहुंच गए।
अनिल की मौत के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। उसके दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें बड़ा बेटा भोले (5) और छोटा नन्हे (3) वर्ष का है। पूरे परिवार में इस घटना से गहरे सदमे में है।
-
विवाद के बाद मायके गई पत्नी
कोतवाली प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि सोमवार को अनिल का उसकी पत्नी से किसी बात पर विवाद हो गया था। विवाद के बाद उसकी पत्नी अपने मायके चली गई थी। पत्नी के मायके जाने के बाद अनिल बाइक पर सवार होकर घर से निकल आया था और फिर वापस नहीं लौटा।शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। परिजन से भी पूछताछ की जा रही है।