अमांपुर। गांव अर्जुनपुर कदीम में दिवाली पर पटाखा फेंकने का विरोध करने पर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि दलित परिवार के घर में घुसकर युवती से मारपीट की। बीच-बचाव करने आए परिवार के लोगों को भी घायल कर दिया।
अगले दिन आरोपियों ने परिवार के युवक पर कुल्हाड़ी और चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। वहीं, दूसरे पक्ष के लोगों के भी चोटें आईं। पुलिस मामले में दो पक्षों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर रही है।
गांव निवासी लोकेश पुत्र राजाराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दिवाली की रात परिवार की एक किशोरी दीया जला रही थी। इसी दौरान उसके पास पटाखा फेंकने का विरोध करने पर आरोपी बॉबी, नीरज और उनके अन्य साथी जबरन घर में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने किशोरी के बाल पकड़कर मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे लोकेश और निर्मल को भी पीटकर घायल कर दिया।
आरोप है कि सोमवार सुबह करीब 10 बजे वाल्मीकि बस्ती के पास घात लगाकर बैठे आरोपियों नीरज, बॉबी, मुकेश और धीरज समेत अन्य लोगों ने लोकेश पर कुल्हाड़ी और धारदार चाकू से हमला कर दिया। जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए आरोपियों ने उसे लहूलुहान कर दिया। उसे बेहोशी की हालत में छोड़कर भाग गए। वहीं, मामले में दूसरे पक्ष की रत्नेश को भी चोटें आई हैं।
-
वर्जन
पटाखे को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। दलित पक्ष की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। दूसरे पक्ष के लोग भी चोटिल है। उनका मेडिकल कराया गया है। उनकी तहरीर पर भी प्राथमिकी दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है। - दुर्गेश कुमार मिश्र, सीओ सहावर