फोटो41मृतक रवींद्र सिंह का फाइल फोटो
पटियाली। करंट लगने से मृत संविदा लाइनमैन रवींद्र सिंह का शव लेकर बुधवार को सैकड़ों ग्रामीण बिजलीघर पहुंच गए। उन्होंने मृतक की पत्नी को आर्थिक सहायता, घटना की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। सूचना पर कई अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
संविदा लाइनमैन रवींद्र सिंह (32) की मंगलवार को करंट लगने से मौत हो गई थी। वह हाई वोल्टेज लाइन पर काम कर रहे थे। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार सुबह करीब 9 बजे ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में शव लेकर बिजलीघर पहुंचे।
ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए बिजलीघर के अधिकारी और कर्मचारी परिसर छोड़कर चले गए। इससे कस्बा की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। ग्रामीण मुआवजा मिलने तक शव का अंतिम संस्कार न करने की जिद पर अड़े रहे।
स्थिति बिगड़ती देख कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजयवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उपजिलाधिकारी प्रदीप कुमार विमल, तहसीलदार रामनयन सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित कुमार, अधिशासी अभियंता ग्रामीण पीयूष कुमार और उपखंड अधिकारी राकेश सिंह भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। करीब चार घंटे तक लंबी बातचीत चली।
इसके बाद मृतक की पत्नी रानी के बैंक खाते में चार लाख रुपये की सहायता राशि भेजी गई। शेष साढ़े तीन लाख रुपये शीघ्र देने के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।
-
पापा उठो... मुझे चीज दिलाओ
पटियाली। बिजली घर पर शव रखकर प्रदर्शन के दौरान मृतक संविदा लाइनमैन रवींद्र सिंह के 6 वर्षीय बेटे दीपेंद्र ने जब पिता का शव देखा तो कुछ समझ नहीं सका। वह दौड़कर पिता के शव से लिपट गया। मासूमियत से बोलने लगा कि पापा उठो, कल से आपने मुझे चीज नहीं दिलाई है। उसकी ये बात सुनकर धरने पर बैठे ग्रामीण, परिजन और अधिकारियों की आंखें नम हो गईं। संवाद