कासगंज। दीपोत्सव के शुभारंभ के साथ ही बाजारों में त्योहारी चमक और रौनक परवान चढ़ने लगी है। धनतेरस पर खरीदारी की प्राचीन परंपरा को भुनाने के लिए शहर के प्रमुख बाजार पूरी तरह सजकर तैयार हैं।
सराफा बाजार से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल और वाहन शोरूम तक ग्राहकों के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां और आकर्षक ऑफर पेश किए गए हैं। व्यापारियों को इस बार बंपर कारोबार की उम्मीद है। त्योहारी सीजन के चलते बाजारों में खरीदारों की आवाजाही बढ़ने लगी है।
धनतेरस पर सोना, चांदी, बर्तन और नए वाहन खरीदना बेहद शुभ माना जाता है। इसी मान्यता को देखते हुए सराफा कारोबारियों ने आभूषणों की नई रेंज, चांदी के सिक्के और लक्ष्मी-गणेश की आकर्षक मूर्तियां उपलब्ध कराई हैं। इसके अलावा बर्तन बाजार में पीतल, तांबा और स्टील के बर्तनों की खासी मांग रहने की उम्मीद है।
इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों पर टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन और एलईडी की बिक्री बढ़ाने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं जबकि मोबाइल कारोबारियों ने अलग-अलग बजट के लेटेस्ट स्मार्टफोन बाजार में उतारे हैं।
आसान फाइनेंस और आकर्षक डिस्काउंट ऑफर्स से बिक्री को और बढ़ावा मिलने की संभावना है। वहीं, दोपहिया और चारपहिया वाहन शोरूम में भी ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। झाड़ू और पूजन सामग्री विक्रेताओं ने भी अपनी दुकानें सजा ली हैं।
सराफा कारोबारी दीपक गुप्ता ने बताया कि पर्व को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और ग्राहकों के लिए हर रेंज में विकल्प उपलब्ध हैं। वहीं, कारोबारी राज गुप्ता ने कहा कि मोबाइलों के लेटेस्ट मॉडल मंगाए गए हैं जिससे इस बार बाजार में बेहतरीन कारोबार की पूरी उम्मीद है।
कासगंज में दिवाली के लिए सजावट का सामान खरीदते लोग। संवाद