सोरोंजी। मोक्षदा एकादशी पर सोमवार को हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई। कड़ाके की ठंड में सुबह ब्रह्ममुहूर्त से शुरू हुआ स्नान देर शाम तक चलता रहा। गंगा मां के जयकारे लगाते हुए श्रद्धालुओ ने मां गंगा की पैरावनी कर आरती उतारी। मां गंगा का दुग्धाभिषेक किया।तीर्थनगरी के वराह घाट, लाल घाट, सोमेश्वर घाट, लक्ष्मणजी घाट, रघुनाथजी घाट, तुलसी घाट, मानस मंदिर घाट, छावनी घाट, नागालैंड घाट, श्याम वराह घाट, पांच छतरी घाट, बालाजी घाट, बरी वाला घाट, शंकर जी पुल घाट, भैरों मंदिर घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। गंगास्नान के बाद श्रद्धालुओं ने हरि की पौड़ी की परिक्रमा लगाते हुए परिक्रमा मार्ग में बैठे गरीब निर्धनों को खाने पीने की वस्तुएं दान की। साधु संतों के आश्रमों में पहुंचकर उनके लिए अन्न क्षेत्र चलाया। स्वामी अमृतानंद सोहम आश्रम, स्वामी महेश दयानंद सोहम आश्रम, स्वामी ब्रह्मानंद सोहम आश्रम, नागालैंड आदि में संत महात्माओं के लिए अन्न क्षेत्र चल रहे थे। हरि की पौड़ी में आज पानी काफी गहरा होने के कारण जगह जगह संकेतक लगे थे। वहीं स्नान के दौरान पीएसी की रिवर फोर्स व प्राइवेट गोताखोर अपनी नावों के साथ तैनात रहे। हरि की पौड़ी किनारे स्नानार्थियों को समाजसेवी आग्रहपूर्वक गर्म चाय पिलाते नजर आ रहे थे।