फोटो22कछला गंगाघाट पर स्नान करते श्रद्धालु। संवाद
कासगंज/सोरोंजी। मार्गशीर्ष पूर्णिमा के दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान को पहुंचे। पूर्णिमा तिथि बृहस्पतिवार 8:28 बजे शुरु पुई जो शुक्रवार शाम 4:44 बजे तक रही। इसके चलते श्रद्धालु सोरोंजी के हरि की पौड़ी, लहरा गंगाघाट, कछला गंगाघाट व कादरगंज गंगाघाट पर पर गंगास्नान को पहुंचे।
सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही स्नान शुरू हो गया। हरि की पौड़ी गंगाघाट पर राजस्थान, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात सहित आस पास के जनपदों से श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने तीर्थपुरोहितो से अपने पूर्वजों की आत्मशांति के लिए अनुष्ठान कराए। गंगास्नान के बाद श्रद्धालुओं ने गंगा मैया की पूजा-अर्चना की।
वहीं हरि की पौड़ी व साथ-साथ शूकरक्षेत्र तीर्थं की पंचकोसी परिक्रमा भी की। परिक्रमा मार्ग में बैठे ठंड से ठिठुर रहे गरीबों को कंबल व खाने-पीने की वस्तुएं दान की। आश्रमों में पहुंचकर संत महात्माओं के लिए अन्न क्षेत्र का आयोजन किया। वहीं लहरा, कछला व कादरगंज गंगाघाट पर भी श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने गंगाघाट पर अनुष्ठान किए।