फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kasganj News: शराब ठेका हटाने की मांग, महिलाओं ने लगाया जाम

Thu, 02 Jul 2026 11:19 PM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कासगंज
विज्ञापन
फोटो24गांव तबालपुर में शराब के ठेका विरोध में कासगंज-अमरपुर बाईपास पर जाम लगाकर विरोध करती
विज्ञापन
कासगंज। कासगंज-अमरपुर बाईपास पर संचालित शराब के ठेके को हटाने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को क्षेत्र में भारी बवाल हुआ। ठेके से नाराज तबालपुर, मौसमपुर, रामपुरिया नगला, सुल्तानपुर और नसरतपुर गांव की सैकड़ों महिलाओं ने हाईवे पर लकड़ी के बड़े-बड़े लट्ठे रखकर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान ठेका हटाओ, जान बचाओ... के नारों के साथ उग्र प्रदर्शन किया गया। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस जाम के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की मील लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीर हलाकान रहे। पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
विज्ञापन

प्रदर्शन कर रही सरोज ने बताया कि बाईपास रोड पर संचालित शराब के ठेके के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। शराब खरीदने आने वाले लोग अपने वाहन सड़क किनारे आड़े-तिरछे खड़े कर देते हैं, जिससे दुर्घटनाएं होती हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पांच दिन पहले गांव मौसमपुर निवासी रामबाबू की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। आरोप है कि एक ट्रैक्टर चालक शराब खरीदने के लिए ठेके पर गया था। उसने ट्रैक्टर को चौराहे पर खड़ा कर दिया था। इस दौरान दूसरे वाहन को ओवरटेक करते समय रामबाबू की बाइक खड़े ट्रैक्टर से टकरा गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने शराब का ठेका हटने तक जाम नहीं खोलने की बात कही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़ी रहीं। इसके बाद महिला पुलिसकर्मियों को भी मौके पर बुलाया गया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने रोड पर लकड़ी के बड़े-बड़े लट्ठे रखकर रोड जाम कर दिया था। पुलिस ने इन्हें हटवाया। सदर कोतवाली के इंस्पेक्टर क्राइम अवधेश भदौरिया और एसएसआई बीएल शर्मा ने ग्रामीणों से वार्ता कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद उन्होंने जाम खोला। पुलिस ने जाम में फंसे वाहनों को गुजर कर यातायात सामान्य कराया।

तोड़फोड़ पर होगी कार्रवाई
कासगंज। शराब के ठेके के बाहर हंगामे की सूचना पर आबकारी निरीक्षक अमित कुमार मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया कि वे शराब का ठेका हटाने के लिए शांतिपूर्ण तरीके से जिलाधिकारी या फिर अन्य उच्च अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दे सकते हैं। नियमानुसार उस पर विचार किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि रोड पर जाम लगाने, ठेके में तोड़फोड़ करने या सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। क्षतिपूर्ति भी वसूली जाएगी। उनके समझाने पर ग्रामीण शांत हो गए। तब जाकर शराब का ठेका खुलवाया गया।
विज्ञापन



वर्जन :

शराब का ठेका काफी पुराना है। उसे वहां से हटाना संभव नहीं है। चौराहे पर सड़क हादसों की रोकथाम के लिए पुलिस विभाग को पत्र लिखकर वहां एक होमगार्ड या कांस्टेबल की तैनाती कराने का अनुरोध किया जाएगा, ताकि यातायात व्यवस्था बनी रहे और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो। - संजय कुमार, जिला आबकारी अधिकारी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें