फोटो39बच्चों के नाम जमीन करो,तब होगा पोस्टमार्टम -कासगंज में अमांपुर रोड दद्दा पब्लिक स्कूल
कासगंज। सदर कोतवाली में अमांपुर गल्ला मंडी रोड स्थित दद्दा पब्लिक स्कूल के पास बुधवार सुबह एक 28 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका कामिनी का शव घर के अंदर गेट के जंगले से फंदे पर लटका मिला। मामले में मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है।
सहावर गेट नगला खां बहादुर निवासी मृतका के पिता छैलबिहारी ने बताया कि उन्होंने बेटी कामिनी की शादी 10 साल पहले गल्ला मंडी निवासी मनीष के साथ की थी। बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे जब मनीष की मां सुनीता सोकर उठीं और बहू को जगाने गईं, तो उन्होंने कामिनी का शव फंदे पर लटका देखा।
इसके बाद पति मनीष ने शव को नीचे उतारा। सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
स्ट्रेचर पर रखे शव को खींचने लगीं महिलाएं
घटना की सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने पति और सास पर हत्या का आरोप लगाते हुए पोस्टमार्टम हाउस पर जमकर हंगामा किया। मायके पक्ष की महिलाएं विवाहिता के दोनों बेटों मयंक (9) और हर्षित (8) के नाम जायदाद करने की मांग पर अड़ गईं। इसके बाद ही पोस्टमार्टम कराने की बात कही। पुलिस के समझाने पर भी वे नहीं मानीं और स्ट्रेचर पर रखे शव को खींचने लगीं। महिला पुलिसकर्मियों द्वारा रोके जाने पर धक्का-मुक्की और हाईवोल्टेज ड्रामा हुआ। बाद में सदर कोतवाली प्रभारी जगदीश चंद्र ने मौके पर पहुंचकर महिलाओं को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद पुलिस ने आगे की प्रक्रिया शुरू की।
बेटे का वीडियो आया सामने
मामले में मृतका के बड़े बेटे हर्षित का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह अपने पिता और परिवार के अन्य सदस्यों पर मां का गला (टेटूआ) दबाने का आरोप लगा रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
वर्जन
विवाहिता का शव फंदे पर लटके मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। - आंचल चौहान, सीओ सदर