फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kasganj News: जिला अस्पताल में बनेगा डे-केयर कैंसर सेंटर, बचेगा मरीजों का समय, घटेगा आर्थिक बोझ

विज्ञापन
विज्ञापन
कासगंज। जिले के कैंसर मरीजों और उनके परिवारों के लिए एक बहुत बड़ी और राहत भरी खबर है। अब उन्हें इलाज और कीमोथेरेपी कराने के लिए बड़े शहरों के चक्कर काटने और लंबी दूरी तय करने की मजबूरी से मुक्ति मिलने जा रही है।
विज्ञापन

भारत सरकार की एक विशेष पहल के तहत कासगंज के जिला अस्पताल में डे-केयर कैंसर सेंटर खोला जाएगा। इस सेंटर की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि मरीज अपनी कीमोथेरेपी करवाकर उसी दिन आराम से अपने घर वापस लौट सकेंगे।
दरअसल, सरकार कैंसर के इलाज की आधुनिक सुविधाओं को सीधे जिला अस्पतालों तक पहुंचा रही है। कासगंज में कैंसर की जांच के बाद अब इलाज की व्यवस्था भी स्थानीय स्तर पर ही की जा रही है। जिला अस्पताल में बनने वाले इस डे-केयर सेंटर में शुरुआती तौर पर 4 से 6 बेड का इंतजाम किया जाएगा।
विज्ञापन

यहां मरीजों को कैंसर के विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह, कीमोथेरेपी और अन्य सहायक इलाज की सुविधाएं मिलेंगी। यह सुविधा उन मरीजों के लिए सबसे ज्यादा फायदेमंद होगी, जिन्हें डॉक्टर सिर्फ तय दिनों पर कीमोथेरेपी के लिए बुलाते हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती रखने की जरूरत नहीं होती।
इस डे-केयर मॉडल का सबसे बड़ा फायदा यह है कि मरीज को दिन में ही थेरेपी देकर घर भेज दिया जाएगा। इससे अस्पताल में बेवजह भर्ती होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। साथ ही, मरीजों और उनके तीमारदारों को बड़े शहरों में जाने, वहां रुकने, खाने-पीने और यात्रा पर होने वाले भारी-भरकम खर्चों से बड़ी राहत मिलेगी।
अब तक आर्थिक तंगी और लंबी दूरी की वजह से गांव और दूरदराज के कई मरीज समय पर बड़े मेडिकल कॉलेजों में इलाज नहीं करा पाते थे, लेकिन अब उन्हें कासगंज में ही यह सुविधा मिल जाएगी।
-
बड़े कैंसर अस्पतालों पर घटेगा दबाव
विशेषज्ञों का मानना है कि जिला अस्पताल में सामान्य कीमोथेरेपी और फॉलो-अप होने से बड़े कैंसर संस्थानों पर मरीजों का बोझ भी कम होगा, जिससे वे गंभीर मामलों पर अधिक ध्यान दे सकेंगे।



ऐसे मिलेगी राहत
-4 से 6 बिस्तरों की व्यवस्था।
-कीमोथेरेपी, विशेषज्ञ परामर्श और सहायक उपचार की सुविधा रहेगी
-उपचार के बाद अधिकांश मरीज उसी दिन घर लौट सकेंगे।
-यात्रा, ठहरने और इलाज का खर्च होगा कम।
-ग्रामीण और दूरदराज के मरीजों को मिलेगा अधिक लाभ।
-बड़े कैंसर अस्पतालों पर मरीजों का दबाव होगा कम
-

वर्जन
जिला अस्पताल में जल्द ही कैंसर मरीजों के इलाज के लिए जल्द ही डे-केयर सेंटर की स्थापना की जाएगी। इससे मरीजों को काफी लाभ मिलेगा। -डॉ. संजीव सक्सेना, सीएमएस
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें