कासगंज। दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता को बेरहमी से पीटने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले में सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव अमरपुर निवासी राजेश कुमार ने प्राथमिकी दर्ज करवाई है। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने तीन लाख रुपये दहेज की मांग पूरी न करने पर बेटी के सिर पर डंडे से वार कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद नहर में फेंकने की भी तैयारी की जा रही थी।
राजेश कुमार ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी बबिता का विवाह लगभग नौ साल पहले सहावर थाना क्षेत्र के गांव गुडगुडी निवासी अजय कुमार के साथ किया था। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर दहेज की मांग को लेकर बबिता को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
गत 19 मई की शाम 6 बजे, ससुरालियों ने बबिता पर मायके से तीन लाख रुपये लाने का दबाव बनाया। जब उसने असमर्थता जताई, तो उसके पति अजय ने कथित तौर पर डंडे से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और वह लहूलुहान हो गई। इसके बाद, सास मुन्नी देवी और ससुर लखपत ने भी उसे जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा।
प्रभारी निरीक्षक गोविंद बल्लभ शर्मा ने बताया कि पिता राजेश कुमार की तहरीर के आधार पर आरोपी पति, सास और ससुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विवाहिता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर दी जानकारी
राजेश कुमार ने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें फोन पर मामले की सूचना दी। बताया कि उनकी बेटी की हत्या कर उसके शव को नहर में फेंकने की योजना बनाई जा रही है। सूचना मिलते ही वह तुरंत अपने परिजन के साथ बेटी के ससुराल पहुंचे। वहां उन्होंने अपनी बेटी को गंभीर रूप से घायल और लहूलुहान हालत में पाया। इसके बाद वह अपनी बेटी के साथ सहावर थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।