कासगंज। जमीन का सौदा तय कर एडवांस रुपये लेने के बावजूद बैनामा न करने, पैसे मांगने पर गालीगलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जीशान मसूद की अदालत ने सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट के आदेश पर सोरोंजी पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सहावर के मोहल्ला चौधरी निवासी पीड़ित न्याज मोहम्मद ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने सोरोंजी के ग्राम भरतपुर स्थित गाटा संख्या 109 और 83 की जमीन का सौदा जगदीप सिंह व दलजीत सिंह सहित अन्य हिस्सेदारों से 1 करोड़ रुपये में तय किया था।
इसके तहत आरोपियों को 5 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे। अन्य हिस्सेदारों ने बैनामा कर दिया लेकिन जगदीप और दलजीत यह कहकर टालमटोल करते रहे कि उनका तीसरा भाई इंग्लैंड से आने वाला है।
जब पीड़ित ने 20 सितंबर 2026 को आरोपियों से बैनामा करने या एडवांस 5 लाख रुपये वापस करने को कहा तो उन्होंने इन्कार करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मौके पर मौजूद सुनील कुमार और शिवकुमार ने बीचबचाव किया था।
स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने पर पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। सीओ आंचल चौहान ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर जगदीप सिंह और दलजीत सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।