फोटो32काली पट्टी बांधकर विरोध जताते एनएच कर्मी । संवाद
कासगंज/सहावर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत संविदा चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को पिछले दो माह से वेतन न मिलने के विरोध में बुधवार को स्वास्थ्य केंद्रों पर आक्रोश देखने को मिला। अमांपुर और सहावर दोनों स्थानों पर कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया और वेतन नहीं तो काम नहीं के नारे लगाए।
अमांपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में संविदा डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि दो माह से वेतन न मिलने के कारण उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया तो कार्य बहिष्कार किया जाएगा।
प्रदर्शन में डॉ. संजय सिंह, डॉ. मेघांशु, डॉ. गौरव तोमर, डॉ. जितेंद्र, डॉ. मोनिका, बीपीएम ब्रजेश यादव, बीसीपीएम शिखा यादव सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।
-
सहावर में काली पट्टी बांधकर किया काम
सहावर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर एनएचएम कर्मचारियों ने बाजू पर काली पट्टी बांधकर कार्य किया। कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द दो माह का बकाया वेतन जारी नहीं किया गया तो 21 मई से सभी कर्मचारी पूर्ण कार्य बहिष्कार करेंगे। इस दौरान डॉ. अजय सिंह, डॉ. नावेद अख्तर, डॉ. नीरज राजपूत, डॉ. दिव्या साहू, नर्स प्रियंका पाठक, सीएचओ योगेश कुमार आदि मौजूद रहे।