कासगंज। सहावर गेट क्षेत्र में जलभराव और गंदगी पिछले दो वर्षों से स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। पानी की उचित निकासी न होने के कारण मुख्य मार्ग जगह-जगह टूटकर गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुका है।
नवरंग बिहार कॉलोनी के सामने मुख्य सड़क पर लंबे समय से जलभराव की स्थिति बनी हुई है। सड़क पर लगातार पानी भरा रहने के कारण गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ ई-रिक्शा और ऑटो चालकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय निवासी अवधेश ने बताया कि इस जलभराव और खस्ताहाल सड़क के कारण ई-रिक्शा और दोपहिया वाहन आए दिन अनियंत्रित होकर पलट जाते हैं। राहगीर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। बारिश के दौरान यहां के हालात और भी ज्यादा बदतर हो जाते हैं।
स्थानीय लोगों ने कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की है लेकिन इसके बावजूद समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है, जिससे नागरिकों में रोष व्याप्त है।
-
मंडी पहुंचने में किसानों को परेशानी होती है
सहावर गेट से अमांपुर की ओर जाने वाली मार्ग पर गल्ला मंडी और सब्जी मंडी बनाई गई है। मंडी परिसर में काफी संख्या में किसान अपनी उपज को बेचने के लिए पहुंचते हैं। वहीं लालपुर, नई हवेली, नगला बेरिया, ढिलावली, अमरपुर, भैंसोरा, मौसमपुर तबालपुर सहित अन्य स्थानों से भी किसान आते हैं। नगला बेरिया के किसान प्रीतम ने बताया कि गड्ढों के बीच से सब्जी लदा हुआ वाहन लेकर निकलने में पलटने का खतरा रहता है।
क्या बोले लोग
- दो साल से सड़क पर जलभराव की समस्या है। बारिश होने के बाद हालात और खराब हो जाते हैं। पानी और गंदगी के बीच से होकर निकलना पड़ता है। शिकायत करने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हुआ है। - विमल कुमार निवासी सहावर गेट
-सड़क पर जलभराव से गड्ढे हो गए हैं। चालकों को काफी सावधानी से निकलना पड़ता है। कई बार दोपहिया वाहन फिसलने से लोग चोटिल हो चुके हैं। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी होती है। - नरेंद्र कश्यप निवासी सहावर गेट
वर्जन
जर्जर सड़कों को गड्ढामुक्त करने के प्रस्ताव तैयार कर शासन में भेजे गए हैं। सहावर गेट क्षेत्र की सड़क को गड्ढामुक्त अभियान में शामिल कर बारिश के बाद कार्य कराया जाएगा। ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। - ज्ञान प्रकाश, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी कासगंज