कासगंज। जिले की नगर पालिका और नगर पंचायतों में स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान पूरा हो गया है। सर्वेक्षण टीमों ने सफाई व्यवस्था, कूड़ा निस्तारण और नागरिक सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। अब सभी निकायों को एक माह बाद जारी होने वाली स्वच्छता रैंकिंग का इंतजार है।
भारत सरकार की टीमों ने 12 मई से कासगंज, सोरोंजी और गंजडुंडवारा नगर पालिकाओं में सर्वे शुरू किया था। अन्य नगर पंचायतों में भी टीमों ने विभिन्न स्थानों का दौरा किया। इस दौरान सड़कों की सफाई, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन और नालियों की सफाई का मूल्यांकन हुआ।
टीमों ने स्थानीय लोगों से भी सफाई व्यवस्था पर राय जानी। निकाय प्रशासन ने सर्वेक्षण के लिए पहले से तैयारियां की थीं। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के डीपीएम राजदीप ने बताया कि रिपोर्ट एक माह बाद जारी होगी। यह सर्वेक्षण शहरों की साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं का स्तर तय करने में अहम है। अब निकायों की नजर आने वाली रैंकिंग पर टिकी हुई है। इस बार बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।
साल 2024 में मिली थी 163वीं रैंक
जिले में तीन नगर पालिकाएं और सात नगर पंचायतें हैं। वर्ष 2024 के स्वच्छ सर्वेक्षण में कासगंज नगर पालिका को देश में 163वीं रैंक मिली थी। इसे एक सितारा रेटिंग भी प्राप्त हुई थी। गंजडुंडवारा को 277वीं और सोरोंजी को 578वीं रैंक मिली थी। नगर पंचायतों में मोहनपुर को 330वीं, पटियाली को 360वीं, अमांपुर को 461वीं, बिलराम को 513वीं, सहावर को 700वीं, भरगैन को 889वीं और सिढ़पुरा को 1105वीं रैंक प्राप्त हुई थी।