कासगंज। बिलराम गेट चौराहे पर बृहस्पतिवार की रात अज्ञात कार सवार तीन युवकों ने ओवरटेक के चक्कर में परिवहन निगम की अनुबंधित बस में तोड़फोड़ की। उन्होंने बस चालक की पिटाई भी की। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकले।
प्रभारी एआरएम नीरज कुमार ने बताया कि बस में तैनात परिचालक कृष्णा अपनी जान बचाकर बाहर निकल आई। उन्होंने निगम के अधिकारियों को मामले की सूचना दी। सूचना मिलने पर अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे।
गंजडुंडवारा निवासी पीड़ित चालक अनिल ने बताया कि कार सवार युवकों ने रॉड मारकर बस का शीशा तोड़ दिया। एक युवक ने उसे सोरोंजी पर देख लेने की धमकी भी दी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई थी। एआरएम ने बताया कि चालक की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। संवाद