कासगंज। सोरोंजी कोतवाली क्षेत्र के तोलकपुर गांव में सोमवार शाम को गांव से करीब 500 मीटर दूर एक 20 वर्षीय युवक का शव शीशम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान धर्मेंद्र कुमार के रूप में हुई है, जो अपने परिवार का इकलौता सहारा था। इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही उसकी विधवा मां बदहवास हो गई।
सोमवार शाम करीब 4 बजे ग्रामीणों ने पेड़ पर शव लटका देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और जांच-पड़ताल शुरू की। धर्मेंद्र के पिता पोशाखी लाल का तीन-चार साल पहले ही निधन हो चुका है, जिसके बाद से मां अनीता और परिवार की जिम्मेदारी धर्मेंद्र पर ही थी।
मां अनीता ने बताया कि छह-सात दिन पहले उन्होंने धर्मेंद्र को बैंक में जमा करने के लिए 40 हजार रुपये दिए थे। मोबाइल पर मैसेज न आने पर जब उन्होंने बेटे से पूछा, तो वह नोएडा चला गया था और दो-तीन दिन पहले ही गांव लौटा था। इसके बाद उसने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका कारण परिवार की समझ से बाहर है।
सीओ सदर आंचल चौहान ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह साफ हो पाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।