गंजडुंडवारा। अगर आपके मोबाइल पर ई-चालान या आरटीओ नोटिस के नाम से कोई अनजान फाइल आती है, तो सावधान हो जाइए। यह आपकी मेहनत की कमाई पर डाका डालने की साइबर अपराधियों की नई चाल हो सकती है। गंजडुंडवारा कोतवाली परिसर में आयोजित बैठक के दौरान सीओ पटियाली संदीप वर्मा ने लोगों को साइबर फ्रॉड से बचने के लिए जागरूक किया।
सीओ संदीप वर्मा ने बताया कि इन दिनों साइबर अपराधी आरटीओ के नाम से फर्जी एपीके फाइल भेज रहे हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति इस फाइल को डाउनलोड करता है, मोबाइल में एक गुप्त एप इंस्टॉल हो जाता है। यह एप आपकी बैंकिंग डिटेल, ओटीपी और मोबाइल की तमाम गतिविधियों को रिकॉर्ड कर सीधे साइबर ठगों तक पहुंचा देता है, जिसके बाद पलक झपकते ही खाते से पैसे गायब हो जाते हैं।
सीओ ने बताया कि कोई भी पुलिस अधिकारी या सरकारी विभाग कभी भी वाट्सएप या वीडियो कॉल के जरिए पैसों की मांग नहीं करता है। उन्होंने सलाह दी कि ई-चालान की सही जानकारी के लिए केवल सरकारी आधिकारिक वेबसाइट का ही उपयोग करें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही कोई संदिग्ध फाइल डाउनलोड करें।
अपना ओटीपी और बैंक की जानकारी न दें
सीओ ने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे न केवल खुद जागरूक बनें, बल्कि अपने परिवार, मित्रों और रिश्तेदारों को भी इसके प्रति सचेत करें। उन्होंने कहा कि अपनी बैंक डिटेल, ओटीपी या स्क्रीन शेयरिंग किसी के साथ न करें। आपकी एक छोटी सी सावधानी और साझा की गई जानकारी किसी की जीवन भर की कमाई को चोरी होने से बचा सकती है। इस दौरान उन्होंने डिजिटल सुरक्षा को ही आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत बताया।