कासगंज। ढोलना थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार को धर्म परिवर्तन का आरोप लगाते हुए हिंदूवादी संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। एक युवक और उसकी पत्नी पर ईसाई धर्म अपनाने का आरोप लगाया। हंगामे की सूचना पर यूपी 112 पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस का कहना है कि जांच में धर्म परिवर्तन के आरोप गलत पाए गए।
ढोलना के एक गांव का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसमें हिंदूवादी संगठन से जुड़े कुछ लोग एक युवक और उसकी पत्नी पर धर्म परिवर्तन करने का आरोप लगाते हुए हंगामा करते दिख रहे हैं। हिंदूवादी संगठनाें ने आरोप लगाया है कि दोनों कुछ समय से चर्च जा रहे हैं और धर्म परिवर्तन करने की तैयारी में है। गांव में धर्म परिवर्तन के मामले में हंगामे की सूचना पर यूपी 112 पुलिस पहुंच गई। पुलिस के सामने काफी देर तक इसे लेकर हंगामा चलता रहा। पुलिस ने युवक और उसकी पत्नी से पूछताछ की।
फिर बिलराम पुलिस चौकी ले गई। मामले में ढोलना थाना प्रभारी गोविंद शर्मा ने बताया कि युवक शराब पीने का आदी है। इसके चलते बीमार रहता है। उसकी पत्नी शराब छुड़वाने के लिए उसे चर्च लेकर गई थी। इसे लेकर गांव में हंगामा हो गया। जांच में युवक के धर्म परिवर्तन करने के आरोप गलत पाए गए।