कासगंज। जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने पटियाली तहसील व खंड विकास कार्यालय पटियाली एवं फार्मर रजिस्ट्री कैंप का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान पटियाली के लेखाकार फिरोज अहमद के द्वारा पटियाली से कासगंज स्थानांतरण होने के बावजूद चार्ज न देने का मामला संज्ञान में आया। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा एसडीएम न्यायिक के पेशकार को न्यायालय में फाइलें लंबित होने के कारण कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा।
जिलाधिकारी दोपहर के समय पटियाली पहुंचे। उन्होंने एसडीएम न्यायालय, नायब तहसीलदार न्यायालय, माल बाबू पटल एवं रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पत्रावलियों के रखरखाव को देखा और लंबित वादों के निस्तारण के संबंध में पूछा। जिलाधिकारी ने कहा कि लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण कराया जाए।
रिकॉर्ड रूम के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों को सुरक्षित रखने व आवश्यक प्रविष्टियों को समय से पूर्ण करने व डिजिटल रिकॉर्ड बनाने के निर्देश दिए। उसके उपरांत जिलाधिकारी ने विकासखंड कार्यालय पटियाली का औचक निरीक्षण किया। शिकायत बाबू के शिकायत पंजिका को अपडेट नहीं किए जाने पर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए। गांव अशोकपुर में फार्मर रजिस्ट्री कैंप का निरीक्षण कर ज्यादा से ज्यादा फार्मर रजिस्ट्री कराने के दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह, जिला परियोजना निदेशक विकल कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।