गंजडुंडवारा। नो-एंट्री लागू होने के बावजूद बालू उतारकर चौक सट्टी बाजार की ओर लौट रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने शुक्रवार को बान मंडी तिराहे पर एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
नई बस्ती निवासी गुड्डू पुत्र भोले शुक्रवार को सहावर रोड से बाइक लेकर चौक सट्टी बाजार की ओर जा रहा था। तभी बान मंडी तिराहे पर बालू उतारकर लौट रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार युवक बुरी तरह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। बानमंडी क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बालू ढुलाई से जुड़े ट्रैक्टर रोजाना नो-एंट्री नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार आंख मूंदे बैठे हैं। उनका कहना है कि बाजार क्षेत्र से होकर तेज रफ्तार में गुजरने वाले ट्रैक्टर आमजन के लिए खतरा बन गए हैं। नो-एंट्री की व्यवस्था केवल बोर्ड तक सीमित रह गई है, जबकि जमीनी स्तर पर नियमों का पालन नहीं हो रहा है।
हादसे के बाद घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है। सीओ पटियाली संदीप वर्मा का कहना है कि मामले में तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।