कासगंज। तकनीकी शिक्षा के जरिए रोजगार और स्वरोजगार की राह तलाश रहे युवाओं के लिए राजकीय आईटीआई मोहनपुर ने सत्र 2026-27 के प्रवेश खोल दिए हैं। स्टेट काउंसिल फॉर वोकेशनल ट्रेनिंग (एससीवीटी) के अंतर्गत संचालित पांच रोजगारपरक ट्रेडों में 10 जुलाई से ऑनलाइन आवेदन शुरू हो चुके हैं, जिनकी अंतिम तिथि 4 अगस्त निर्धारित की गई है। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए संस्थान परिसर में ही पंजीकरण और आवेदन संबंधी सहायता की व्यवस्था भी की गई है।
इस सत्र में इलेक्ट्रीशियन, फिटर, कोपा (सीओपीए), फैशन डिजाइन एंड टेक्नोलॉजी तथा वेल्डर ट्रेड में प्रवेश दिए जाएंगे। इन ट्रेडों की औद्योगिक क्षेत्र में लगातार मांग बनी हुई है, जिससे प्रशिक्षण के बाद रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाएं बढ़ती हैं। संस्थान प्रधानाचार्य अक्षय ओझा ने बताया कि अंतिम दिनों में वेबसाइट पर अधिक भार और अन्य तकनीकी दिक्कतों से बचने के लिए अभ्यर्थी समय रहते आवेदन कर दें। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर छात्र सीधे आईटीआई परिसर पहुंचकर पंजीकरण और आवेदन प्रक्रिया में सहायता प्राप्त कर सकते हैं।