सोरोंजी/गंजडुंडवारा। आषाढ़ मास की अमावस्या पर श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई। मंगलवार को जिले के लहरा, कादरगंज, हरि की पौड़ी गंगाघाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगास्नान को पहुंचे।
तीर्थनगरी में राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात, दिल्ली आदि विभिन्न प्रांतों के अलावा प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से एक दिन पूर्व ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच गए। श्रद्धालुओं ने हर-हर गंगे के जयकारे लगाते हुए सुबह ब्रह्मुहूर्त से ही हरि की पौड़ी में गंगास्नान शुरू कर दिया। लहरा घाट पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचे।
श्रद्धालुओं ने मुंडन संस्कार कराकर तीर्थपुरोहितों से अपने पूर्वजों की आत्मशांति के लिए पूजन अनुष्ठान कराया। कई श्रद्धालुओं ने मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर पैरावनी की। तीर्थनगरी में गंगास्नान के बाद श्रद्धालुओं ने हरि की पौड़ी की परिक्रमा की। श्रद्धालुओं ने परिक्रमा मार्ग में बैठे गरीब निर्धनों को वस्त्र अनाज आदि का दान किया। हरि की पौड़ी किनारे पालिका प्रशासन द्वारा कई जगह वाटर टैंक रखवाकर पेयजल के इंतजाम किए गए थे। रात में हरि की पौड़ी व तीर्थनगरी के सभी मार्गों पर पथ प्रकाश की व्यवस्था की गई।
मंदिरों में किए देव दर्शन
सोरोंजी। श्रद्धालुओं ने क्षेत्राधीश वराह मंदिर पहुंचकर भगवान वराह के दर्शन कर प्रसाद चढ़ाया एवं अपने परिवार की खुशहाली और समृद्धि का आशीष मांगा। श्रद्धालुओं ने बालाजी दरबार, रघुनाथजी, सोमेश्वर दरबार, सिद्ध हनुमान, द्वारिकाधीश, मानस मंदिर, शनि मंदिर, सिद्ध विनायक, राधा कृष्ण, गंगा माता मंदिर, पंच महाशक्ति आदि मंदिरों में दर्शन किए। वहीं श्रद्धालु योगमार्ग स्थित संतों के आश्रम महेश दयानंद सोहम आश्रम, प्रेमी बाबा आश्रम, भक्त आश्रम, अमृतानंद आदि आश्रमों में भी पहुंचे जहां संतों के लिए श्रद्धालुओं द्वारा अन्न क्षेत्र का आयोजन किया। संवाद