पटियाली। कोतवाली क्षेत्र में अलीगंज रोड पर मंगलवार शाम तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। गांव नगला खिन्नी निवासी ईश्वर दयाल (55) पुत्र हीरा लाल मंगलवार शाम 5:50 बजे अलीगंज रोड पर जा रहे थे।
इस दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। ट्रक के पहिए के नीचे कुचलकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक मौके से भाग गया। मौके पर काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। किसी ने फोन कर घटना की सूचना पुलिस काे दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से घटना के बारे में पूछताछ की। पटियाली सीओ अमित कुमार ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजन की ओर से अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। संवाद