कासगंज। सोरोंजी के गांव रामचंद्र निवासी युवक के खाते से बैंक अधिकारी बनकर साइबर ठगों ने 19.5 लाख रुपये उड़ा लिए। ठगों ने बैंक खाता फ्रीज होने का डर दिखाकर युवक से ओटीपी ले लिया। इसके बाद उसके खाते में जमा एफडी की रकम निकाल ली। युवक ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। गांव रामचंद्र निवासी छोटेलाल पुत्र प्रानसुख मौर्य ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि उनके पास बीती 4 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे दो अज्ञात नंबरों से कॉल आए। फोन करने वाले ने खुद को एक निजी बैंक का अधिकारी बताया और उन्हें उनके खाते के फ्रीज होने की जानकारी दी। खाते को दोबारा चालू करने के नाम पर उनसे ओटीपी साझा करने के लिए कहा। खाता फ्रीज न हो जाए, इस घबराहट में उन्होंने कॉल करने वाले को मोबाइल पर आया ओटीपी बता दिया। इसके बाद 8 से 10 नवंबर के बीच उनके खाते से कई बार में 19,50,000 रुपये निकल गए। यह रकम उन्होंने एफडी तोड़कर खाते में जमा कराई थी। उन्हें खाते से रकम निकलने की जानकारी हुई तो तुरंत ऑनलाइन साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद साइबर थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने उनकी शिकायत पर आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। साइबर थाना प्रभारी रामकेश राजपूत ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी स्थिति में ओटीपी, बैंक विवरण या खाता संबंधित जानकारी फोन पर किसी के साथ साझा न करें और संदिग्ध कॉल आने पर तुरंत थाने में इसकी शिकायत करें।