कासगंज। सहावर के गांव मटैना के पास बाइक टकराने पर 4 मार्च की शाम विवाद हो गया। इस दौरान युवती ने लोगों पर छेड़छाड़ व भाई के साथ मारपीट का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।
सिढ़पुरा के एक गांव की रहने वाली युवती की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार वह 4 मार्च की शाम भाई के साथ बाइक पर सवार होकर मोहनपुर से अपने गांव लौट रही थी। गांव मटैना के पास एक युवक की बाइक से उनकी बाइक हल्की सी टकरा गई। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर अमरसिंह व उनके बेटे सुनील, रिंकू, ज्ञान सिंह और श्यामवीर ने उनके भाई को पकड़ लिया। आरोपियों ने युवती के साथ भी छेड़छाड़ की। इसी दौरान आरोपी परिवार की महिलाएं मौके पर पहुंच गई। वह उसे वहां से घर में खींचकर ले गई और उसकी मारपीट की। अन्य लोगों ने उनपर छत से ईंटे फेंकी। युवती ने फोन करने पर उसे बचाने आए दूसरे भाइयों पर अमर सिंह, श्यामवीर ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। उसका उपचार अलीगढ़ में चल रहा है। सहावर सीओ शाहिदा नसरीन ने बताया कि युवती की ओर से प्राप्त तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।