मोहनपुरा। हाईवे निर्माण के बाद टीकमपुरा गांव में जल निकासी का रास्ता बंद हो गया था। स्थायी समाधान निकालने के लिए हाईवे की शेष बची एक मीटर जमीन पर नाली का निर्माण कराया जाएगा। बृहस्पतिवार को एसडीएम सदर एसएन त्रिपाठी ने राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और नाली निर्माण के निर्देश दिए।
ग्रामीणों का आरोप था कि हाईवे बनने से पानी का निकास रुक गया था जिससे गांव में गंभीर जलभराव बना हुआ था। मांग पूरी न होने पर ग्रामीण प्रदर्शन कर रहे थे, जिससे हाईवे का निर्माण कार्य भी प्रभावित हो रहा था।
एसडीएम सदर एसएन त्रिपाठी ने बताया कि हाइवे की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट के मुताबिक कुल चौड़ाई 52 मीटर निर्धारित है, जबकि मौके पर 51 मीटर हिस्से में ही हाईवे का निर्माण हुआ है। अब शेष बची एक मीटर जमीन का उपयोग कर नाली का निर्माण कराया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर बलवंत उपाध्याय, मोहनपुरा चौकी प्रभारी डॉ. महेश सिंह, कार्यदायी संस्था के लीगल एजीएम राजेश उपाध्याय, प्रधान प्रतिनिधि राजेंद्र राठौर, कानूनगो पन्ना लाल, लेखपाल योगेश कुमार, रामजीलाल, मानपाल समेत ग्रामीण मौजूद रहे।