कासगंज। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को कछला गंगा घाट पर स्नान करने पहुंचे एक श्रद्धालु की बस से कुचलकर मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
मृतक की पहचान खेतपाल (55) पुत्र हीरालाल निवासी गांव आलमपुर थाना नारकी क्षेत्र जिला फिरोजाबाद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, खेतपाल बुधवार तड़के अपने भतीजे रामचंद्र के साथ बस में सवार होकर गंगा स्नान के लिए कछला घाट पहुंचे थे।
सुबह करीब 4 बजे जब बस घाट के समीप पहुंची और दोनों नीचे उतर रहे थे, तभी बस अचानक आगे बढ़ गई। इस दौरान संतुलन बिगड़ने से खेतपाल बस के पहिए के नीचे आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आनन-फानन में घायल खेतपाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भतीजे रामचंद्र ने बताया कि खेतपाल की पत्नी का निधन 18 वर्ष पूर्व हो चुका था। उनके दो बेटे अजय (22) और अमित (20) हैं। पिता की इस तरह अचानक मौत से दोनों बेटों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सदर सीओ आंचल चौहान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।