फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kasganj News: हाईटेंशन पोल से टकराकर आग का गोला बनी कार, धमाकों से फैली दहशत

Thu, 26 Feb 2026 11:43 PM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कासगंज
विज्ञापन
फोटो11गंजडुंडवारा में गांव सिकहरा के पास खंभा से टकराकर धू-धूकर जलती कार। संवाद
विज्ञापन
गंजडुंडवारा। सिढ़पुरा-गंजडुंडवारा मार्ग पर सिकहरा गांव के पास बृहस्पतिवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हाईटेंशन लाइन के विद्युत पोल से जा टकराई। टक्कर लगते ही कार में तेज धमाके के साथ भीषण आग लग गई। देखते ही देखते वह आग के गोले में तब्दील हो गई। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर जलती कार से बेहोश चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना से काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया।
विज्ञापन


सिढ़पुरा के किदवई नगर निवासी जहीम अहमद बृहस्पतिवार की दोपहर करीब 12 बजे ग्रांड विटारा कार से निजी काम के लिए गंजडुंडवारा आए थे। लौटते समय सिकहरा गांव के पास अचानक उनकी कार के सामने एक साइकिल सवार आ गया। उसे बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चंद सेकेंड के अंदर ही कार ने आग पकड़ ली और तेज धमाके के साथ आग के गोले में तब्दील हो गई।
हादसे के बाद चालक जहीम कार के अंदर ही बेहोश हो गए थे। आग की लपटों के बीच ग्रामीणों ने साहस का परिचय दिया और चालक को सुरक्षित बाहर खींच लिया। आग इतनी भयावह थी कि सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने जब तक आग पर काबू पाया, तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। सूचना पर पहुंची गंजडुंडवारा थाना पुलिस ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, जहीम की हालत खतरे से बाहर है। परिजन ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार जहीम को उसकी शादी में उपहार स्वरूप मिली थी। कार उसकी पत्नी के नाम पर पंजीकृत थी।
विज्ञापन

थाना प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हादसा वाहन के अनियंत्रित होकर पोल से टकराने के कारण होना प्रतीत हो रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें