44 - पटियाली के गांव जिनौल में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए शिविर में महिला की जांच करते स्
पटियाली। गांव जिनौल में बुखार के मामलों पर स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सोमवार को लगातार तीसरे दिन स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में 38 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निशुल्क दवाएं वितरित की गईं। साथ ही मलेरिया और डेंगू की जांच भी की गई।
जांच में बुखार के 19, सर्दी-खांसी के सात, चर्म रोग के नौ और अन्य बीमारियों के तीन मरीज मिले। नौ लोगों की एमपी कार्ड से मलेरिया की जांच की गई, जबकि पांच की स्लाइड बनाई गई। वहीं, डेंगू की पुष्टि के लिए पांच लोगों की एनएस1 जांच की गई। बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से गांव में एंटी लार्वा का छिड़काव और फॉगिंग भी कराई जा रही है। शिविर में डॉक्टर अमित कुमार यादव, नेत्र परीक्षण अधिकारी विनय श्रीवास्तव, आकाश कुमार यादव, हरजीत सिंह, पुष्पेंद्र, प्रदीप और विजय कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
चिकित्साधीक्षक डॉ. शिवाश्री तिवारी ने बताया कि गांव जिनौल में बुखार के मामले संज्ञान में आने के बाद लगातार स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी संक्रामक बीमारी को फैलने नहीं दिया जाएगा।