कासगंज। जिले की 36 ग्राम पंचायतों में वित्त आयोग की एक करोड़ 38 लाख रुपये की धनराशि का उपयोग नहीं किया। जिला पंचायत राज अधिकारी ने इन पंचायतों में तैनात 19 सचिवों को इस धनराशि का उपयोग न करने पर नोटिस भेजकर उनसे स्पष्टीकरण मांगा है।सात विकास खंड में 423 ग्राम पंचायतें हैं। गांवों के विकास के लिए राज्य व केंद्र सरकार की ओर से राज्य वित्त और केंद्रीय वित्त की धनराशि गांव के विकास के लिए भेजी जाती है। इस धनराशि से सड़क,नाली, खड़ंजा, इंटर लॉकिंग,जल निकासी व स्वच्छ भारत मिशन के तहत कार्य कराए जाते हैं। इनमें सबसे अधिक धनराशि पटियाली विकास खंड की 7 ग्राम पंचायतों ने 40,11,972 रुपये गांव के विकास कार्य के लिए उपयोग नहीं किए गए हैं। वहीं सोरोंजी विकास खंड की 11 ग्राम पंचायतों ने 27,29,676, कासगंज विकास खंड की 10 ग्राम पंचायतों ने 17,37,786 रुपये,अमांपुर विकास खंड की 3 ग्राम पंचायत ने 9,97,542 रुपये, गंजडुंडवारा की तीन ग्राम पंचायतों ने 7,49,338 रुपये और सहावर विकास खंड की 2 ग्राम पंचायतों ने 1,57,426 रुपये की धनराशि का विकास कार्यों में उपयोग नहीं किया है। इससे गेट वे पोर्टल व ई-स्वराज पोर्टल पर रैंकिंग में गिरावट आई है।धनराशि का उपयोग न करने पर 19 सचिवों को नोटिस भेजकर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। डीपीआरओ देवेंद्र सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायतों को मिलने वाली धनराशि का उपयोग न करने विकास कार्यों की कर्मी के कारण विभाग की रैंकिंग में गिरावट आई हैं। उन्होंने 19 सचिवों को नोटिस जारी कर उनसे स्पष्टीकरण मांगा है।