फोटो06छात्रवृत्ति परीक्षा में चयनित उच्च प्राथमिक विद्यालय दौंकेली के छात्र-छात्राएं। संवाद
कासगंज। उच्च प्राथमिक विद्यालय दौकेली के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति (एनएमएमएस) परीक्षा 2025-26 में विद्यालय के 12 छात्र-छात्राओं का चयन हुआ है, जो जिले में सबसे अधिक है। चयनित विद्यार्थियों को आगामी चार वर्षों में कुल 5.76 लाख रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी। चार साल में 41 बच्चे सफलता प्राप्त कर चुके हैं।एनएमएमएस परीक्षा 2025-26 में उच्च प्राथमिक विद्यालय दौकेली ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया है। विद्यालय से 12 छात्र-छात्राओं का चयन हुआ, जिससे विद्यालय ने जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। इस परीक्षा में विद्यालय के छात्र जितेंद्र कुमार ने 132 अंक प्राप्त कर जनपद में द्वितीय स्थान हासिल किया। इसके अलावा निशांत, खुशबू, मोनिका, हेमलता, अजय, प्रियंका, एंजल, क्रिश, प्रशांत, उमंग और भावना ने भी सफलता प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।इंचार्ज प्रधानाध्यापक मनोज कुमार ने बताया कि इस साल 12 विद्यार्थियों ने यह उपलब्धि हासिल की है। लगातार दूसरे साल विद्यालय जिले में टॉप पर रहा है। चार वर्षों में यहां से कुल 41 छात्र-छात्राएं एनएमएमएस परीक्षा में चयनित हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि चयनित सभी विद्यार्थियों को कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई के लिए चार वर्षों में कुल 5.76 लाख रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी, जिससे उनकी आगे की शिक्षा में आर्थिक सहायता मिलेगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह, सहायक अध्यापक दीपक कुमार ने सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।