फोटो26कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित खाद्य सुरक्षा विभाग एंव औषधि प्रशासन की बैठक में निर्दे
- फोटो : संवाद
कासगंज। जनपद में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई, अपर जिलाधिकारी दिग्विजय प्रताप सिंह ने मिलावट रोकने और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की। बैठक में जानकारी दी गई कि वित्तीय वर्ष 2025-26 (अप्रैल से दिसंबर तक) में लिए गए कुल 382 नमूनों में से 248 की जांच रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है, जिनमें 100 नमूने अधोमानक और 14 नमूने असुरक्षित पाए गए हैं। बाकी 134 रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई हैं। जिन रिपोर्टों की जानकारी मिली, उसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा चुकी है। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि आम जनता को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करना आवश्यक है। इसके लिए प्रमुख स्थानों पर जनजागरूकता बैठकें आयोजित की जाएं। उन्होंने ने फल और अनाज मंडी में कारोबारियों के लाइसेंस और पंजीकरण के लिए मंडी सचिव शैलेंद्र कुमार को खाद्य विभाग से समन्वय करने के निर्देश दिए। साथ ही सहायक आयुक्त खाद्य को मंडी में बिकने वाले फलों और सब्जियों पर सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया। सहायक आयुक्त आनंद देव ने बताया कि जनपद में प्रत्येक माह एफएसडब्ल्यू मोबाइल वैन के माध्यम से बाजारों में खाद्य पदार्थों की त्वरित जांच की जाती है और अधोमानक पाए जाने पर कार्रवाई की जाती है। इसके अलावा विद्यालयों में वितरित भोजन की भी नियमित जांच की जा रही है। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव अग्रवाल, जिला पंचायत राज अधिकारी देवेंद्र सिंह, जिला कृषि अधिकारी डॉ. अवधेश मिश्र सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।