फोटो43बिलराम में ट्रांसफार्मर बदलते कर्मी। स्रोत: विभाग
कासगंज। तेज आंधी और करीब 40 घंटे तक हुई बारिश से जिले की विद्युत व्यवस्था प्रभावित हो गई। पेड़ और टहनियां बिजली लाइनों पर गिरने से 100 पोल टूट गए और 30 ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त हुए। इससे कई क्षेत्रों में करीब 42 घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। विद्युत निगम की टीमों ने पेट्रोलिंग कर क्षतिग्रस्त लाइनों को दुरुस्त किया और आपूर्ति बहाल की।
जिले में शुक्रवार से शुरू हुई बारिश के साथ तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर बिजली के पोल और लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आपूर्ति प्रभावित हुई। विद्युत निगम की टीमें लगातार पेट्रोलिंग कर फाल्ट तलाशने और क्षतिग्रस्त उपकरणों को दुरुस्त करने में जुटी रहीं।
बारिश के दौरान तेज हवाओं से कई स्थानों पर पेड़ व टहनियां टूटकर विद्युत लाइन पर गिर गईं। इससे विद्युत पोल टूटकर जमीन गिर गए। वहीं इस तेज आंधी के कारण ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त हुए। कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद टूटी लाइन को ठीक कर विद्युत आपूर्ति को सुचारु किया गया।
पटियाली में टूटे 16 खंभे
पटियाली विद्युत उपखंड क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर 16 पोल टूटने से बीनपुर, दरियावगंज और पटियाली विद्युत केंद्रों से जुड़े कई गांवों की आपूर्ति ठप हो गई। सूचना पर उपखंड अधिकारी राकेश सिंह ने अवर अभियंता नीरज गौड़, प्रभारी जेई अजय तोमर नेतृत्व में टीमें पेट्रोलिंग के लिए रवाना हुई। कर्मियों ने अस्थायी व्यवस्था कर आपूर्ति बहाल कराई।
उपखंड अधिकारी राकेश सिंह ने बताया कि बारिश और तेज हवा से 16 पोल के साथ केबल भी क्षतिग्रस्त हुई थी। सभी प्रभावित क्षेत्रों में आपूर्ति सुचारू कर दी गई है।
वर्जन :
तेज हवाओं और बारिश के कारण 100 विद्युत पोल टूटे हैं। वहीं कई स्थानों पर ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त हुए हैं। सभी विद्युत उपकेंद्र पर कर्मियों ने विद्युत आपूर्ति सुचारू कर दी है। इससे लोगों को परेशानी न हो। -एनके प्रसाद ,अधीक्षण अभियंता विद्युत निगम कासगंज