कासगंज। मथुरा में 23 जुलाई से शुरू होने वाले प्रसिद्ध मुड़िया मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कासगंज रोडवेज डिपो से 10 बसें विशेष संचालन के लिए भेजी जाएंगी। ये बसें 21 जुलाई को मथुरा के लिए रवाना होंगी। मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा देने के लिए शासन के निर्देश पर यह व्यवस्था की गई है। हालांकि डिपो से बसें हटने के कारण स्थानीय और ग्रामीण मार्गों पर परिवहन व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना है।
शासन के निर्देश पर मेले के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए डिपो की 10 बसों को मथुरा में लगाया जा रहा है। इनके संचालन से मेले में आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी और अतिरिक्त परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। डिपो के बेड़े से 10 बसें कम होने के कारण कुछ लोकल और ग्रामीण रूटों पर बसों की उपलब्धता प्रभावित हो सकती है। इससे यात्रियों को निर्धारित समय पर बस मिलने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। प्रभारी एआरएम नीरज कुमार ने बताया कि बसों की संख्या कम होने के बावजूद यात्रियों को असुविधा नहीं होने दी जाएगी। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे और रिजर्व में खड़ी बसों का भी संचालन कराया जाएगा।