पटियाली। ग्राम भोगपुर में हरे रामा हरे कृष्णा समिति के द्वारा मंगलवार रात कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दिल्ली के फैशन डिजाइनर प्रमोद राजपूत ने मां सरस्वती के समक्ष दी प्रज्वलित करके की। हाथरस की कवयित्री रूबिया खान ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। भिंड (मध्यप्रदेश) के कवि सुनील कुमार निराला ने कविता पढ़ी ‘बेटी जब से हुई विदा पापा रिश्तेदार हो गए, बहुओं की नजरों में अब वो घर के पहरेदार हो गए।’ राजस्थान के कवि अशोक धाकरे कविता पढ़ी ‘देश पर जो शहीद हो गए।’ कवयित्री समीक्षा सिंह ने ‘मोहब्बत का हक हमसे निभाया न गया, वो जा रहा था हमसे मनाया न गया’ कविता प्रस्तुत की। मुरैना के राजवीर भारती ने कविता पाठ किया ‘प्रीत के गीत गा ले निखर जाएंगे।’ शरद लंकेश पटियालवी ने पढ़ा ‘मुखिया का बेटा जिस पर चाहे नजरें डाल दे, चौराहे पर...।’ इसके अतिरिक्त राजवीर दतिया, राधा बल्लभ, देवेंद्र शूल, अभिषेक अमर, शिव कुमार गौतम आदि ने भी रचनाएं पढ़कर श्रोताओं की वाहवाही लूटी। सम्मेलन का संचालन हास्य कवि निर्मल सक्सेना ने किया। ग्राम प्रधान राम खिलाड़ी ने सभी को प्रतीक चिह्न एवं शाल भेंट कर सम्मानित किया।