कानपुर। पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन में चल रही अंतर पब्लिक स्कूल आमंत्रण बास्केटबाल प्रतियोगिता के तीसरे दिन गुरुवार को बालक और बालिका वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले हुए। बालिका वर्ग में युगम इंटरनेशनल और पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। बालक वर्ग के फाइनल में केडीएमए और पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन की टीमों ने प्रवेश किया।
बालिका वर्ग के पहले सेमीफाइनल में युगम इंटरनेशनल ने डीपीएस कल्याणपुर को 10-08 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन ने डीपीएस बर्रा को 26-05 से शिकस्त दी। बालक वर्ग के पहले सेमीफाइनल में केडीएमए ने जयपुरिया स्कूल को 28-27 पराजित किया। दूसरे सेमीफाइनल में पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन ने दून इंटरनेशनल स्कूल को 44-17 हराया। फाइनल शुक्रवार सुबह आठ बजे से खेले जाएंगे। विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार, पदक और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।