कानपुर। युवा उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी में शुरू हुई तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस केमटेकनोवा का उद्घाटन एमएसएमई मंत्री राकेश सचान ने किया। उद्घाटन सत्र में उन्होंने कहा कि उद्यमिता के क्षेत्र में युवा आगे आएं, सरकार इसके लिए उन्हें प्रोत्साहित कर रही है। कम ब्याज में ऋण उपलब्ध करवा रही है। प्रदेश के 1.55 लाख युवाओं को सीएम युवा योजना के तहत उद्यमी बनाया जा चुका है। कार्यक्रम में कांफ्रेंस पर केंद्रित पुस्तिका और आईएसबीएन युक्त विशेष पुस्तक का विमोचन किया गया।
कॉन्फ्रेंस के तकनीकी सत्रों में विशेषज्ञों ने भविष्य की चुनौतियों और समाधानों पर चर्चा करते हुए युवाओं को उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप अनुसंधान के लिए प्रेरित किया। आईआईटी गुवाहाटी के प्रो. विमल कटियार ने कमोडिटी, इंजीनियरिंग और मेडिकल अनुप्रयोगों के लिए सस्टेनेबल पॉलिमर पर अपने विचार साझा किए और मेडिकल क्षेत्र में बायोडिग्रेडेबल विकल्पों की बढ़ती मांग पर प्रकाश डाला।
लोहिया पैकेजिंग के रंजन सामंतराय ने पैकेजिंग उद्योग, आईआईपीआर के डॉ. अरविंद कुमार ने कृषि और दालों के अनुसंधान में तकनीकी हस्तक्षेप और रिलायंस इंडस्ट्रीज के वाइस प्रेसिडेंट विश्वास देशपांडे ने भविष्य की ऊर्जा रणनीतियों पर चर्चा की। उद्घाटन सत्र का समापन डॉ. बिनीता सिंह के धन्यवाद प्रस्ताव से हुआ। वहीं, देर शाम आयोजित सांस्कृतिक संध्या में छात्र-छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।